क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

हीरा बा की तबियत में लगातार सुधार माता से मिलकर पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना

अहमदाबाद,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माता हीरा बा की तबियत में लगातार सुधार हो रहा है और दो दिन बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने की संभावना है| माता जी की नादुरुस्त तबियत की खबर मिलते ही पीएम मोदी आज दोपहर अहमदाबाद पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल गए| जहां हीरा बा से मिले और डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली| करीब डेढ़ घंटे अस्पताल में रहने के बाद पीएम मोदी शाम को वापस दिल्ली लौट गए|

दरअसल बुधवार की सुबह सीने में दर्द और सांस लेने तकलीफ की शिकायत के बाद हीरा बा को अहमदाबाद के यूएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था| अस्पताल में हीरा बा के सभी टेस्ट किए गए और उसके बाद उनका उपचार शुरू किया गया| हीरा बा के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल कैबिनेट की बैठक के बाद यूएन अस्पताल पहुंच गए| इसके अलावा राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी समेत भाजपा के नेता सांसद और विधायक अस्पताल पहुंचे| दोपहर को अस्पताल में हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया कि हीरा बा की तबियत में सुधार हो रहा है| दूसरी ओर अपनी माता जी से मिलने पीएम मोदी भी दिल्ली से रवाना हो गए| अहमदाबाद एयरपोर्ट से पीएम मोदी सीधे यूएन अस्पताल पहुंचे| जहां पहले अपनी माता जी से मिले और उसके बाद डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी हासिल की| डॉक्टर से हीरा बा की तबियत में संतोषजनक सुधार की जानकारी मिलने के बाद पीएम मोदी अहमदाबाद से दिल्ली के रवाना हो गए| पीएम मोदी ने करीब डेढ़ घंटे यूएन अस्पताल में बिताए| जानकारी के मुताबिक हीरा बा की तबियत में लगातार सुधार हो रहा है और संभावना है कि दो दिन बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है|

Exit mobile version