अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर प्रदेश भाजपा पार्लामेन्ट्री बोर्ड की बैठक में आज पहले दिन राज्य की 11 सीटों के उम्मीदवारों की पैनल तैयार कर ली गई है। ज्यादातर सीटों पर तीन-चार दावेदार हैं। जबकि कई सीटों पर मौजूदा सांसद ही रेस में हैं। रविवार को भाजपा की पार्लामेन्ट्री बोर्ड की बैठक में गुजरात की 11 सीटों पर चर्चा की गई और बाद में उम्मीदवारों के नाम की पैनल तैयार कर ली गई है। प्रदेश भाजपा पार्लामेन्ट्री बोर्ड में तैयार की गई उम्मीदवारों के नामों की सूची पार्टी हाईकमांड को भेजी जाएगी और उसके बाद उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक मध्य गुजरात की छोटा उदेपुर लोकसभा सीट पर 4 उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं, जिसमें रामसिंह राठवा, जयंति राठवा, जशु राठवा और गीता राठवा के नामों पर चर्चा की गई। रामसिंह राठवा रेस में सबसे आगे चल रहे हैं और वह मौजूदा सांसद हैं। जयंति राठवा पूर्व विधायक और संसदीय सचिव रह चुके हैं। जबकि जयंति राठवा छोटा उदेपुर भाजपा के प्रमुख हैं और गीता राठवा जिला पंचायत सदस्या है। दक्षिण गुजरात की भरुच लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद मनसुख वसावा के अलावा, घनश्याम पटेल, भरतसिंह परमार और दर्शना देशमुख समेत चार लोग रेस में हैं। मध्य गुजरात की खेडा और आणंद सीट पर उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा पूर्ण हो चुकी है। खेडा लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद देवुसिंह चौहाण प्रबल दावेदार हैं।वहीं आणंद सीट पर वर्तमान सांसद दिलीप पटेल प्रबल दावेदार हैं। हांलाकि आणंद सीट पर दीपक रसाकी ने दावेदारी की है और उनके नाम पर पार्लामेन्ट्री बोर्ड की बैठक में चर्चा की गई। पंचमहल लोकसभा सीट पर भी चार नाम रेस में हैं। जिसमें मौजूदा सांसद प्रभातसिंह चौहाण के अलावा सीके राउलजी, तुषारसिंह और निमिषा सुथार के नाम शामिल हैं। दाहोद लोकसभा सीट पर जसवंतसिंह भाभोर को दोबारा मौका मिल सकता है। मोदी सरकार में जसवंतसिंह भाभोर मंत्री हैं और दाहोद लोकसभा सीट पर उनके अलावा अन्य कोई महत्वपूर्ण नाम रेस में नहीं है। सेन्स प्रक्रिया के दौरान भी जसवंतसिंह भाभोर के नाम पर मुहर लगी थी। जिससे जसवंतसिंह को रिपीट किए जाने की पूरी संभावना है। वडोदरा लोकसभा सीट के लिए भी भाजपा ने पैनल तैयार कर ली है। वडोदरा सीट पर मौजूदा सांसद रंजन भट्ट, पूर्व सांसद बालकृष्ण शुक्ल और भार्गव भट्ट रेस में हैं। जिसमें भार्गव भट्ट को टिकट मिलने की प्रबल संभावना है।भाजपा उपाध्यक्ष और भाजपा कोर समिति के सदस्य भार्गव भट्ट संघ की पहली पसंद हैं।दक्षिण गुजरात की नवसारी और वलसाड लोकसभा सीटों पर चर्चा पूर्ण हो चुकी है। नवसारी सीट पर मौजूदा सांसद सीआर पाटिल प्रबल दावेदार हैं। नवसारी सीट पर सीआर पाटिल के अलावा और कोई नाम रेस में नहीं हैं। वहीं वलसाड लोकसभा सीट पर चार दावेदार हैं। जिसमें केसी पटेल, डीसी पटेल, रमण पाटकर और धरमपुर से विधायक अरविंद पटेल का नाम शामिल हैं।