वाराणसी, (हि.स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) की वाराणसी इकाई ने शनिवार को सोनिया चौकी इंचार्ज को पांच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस सम्बन्ध में भ्रष्टाचार निवारण संगठन इकाई के स्थानीय प्रभारी निरीक्षक राम सागर ने बताया कि सिगरा क्षेत्र में स्थित कोरियर कंपनी चलाने वाले राज कुमार गुप्ता ने गबन के सिलसिले से मुकदमा थाने में दर्ज करवाया था। इस मुकदमे की विवेचना सोनिया चौकी इंचार्ज महेश सिंह कर रहे थे। विवेचना की कार्रवाई आगे बढ़ाने के नाम पर चौकी प्रभारी राज कुमार गुप्ता से पांच हजार रुपये देने का दबाब बना रहे थे। इसके बाद राज कुमार गुप्ता ने 22 मार्च को संगठन के कार्यालय पर आकर लिखित शिकायती पत्र देकर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद मामले की छानबीन में आरोप सही देख उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद उनके अनुमति पर सोनिया पुलिस चौकी पर टीम के निरीक्षक विनोद कुमार यादव सोनिया चौकी पर पहुंचे। जैसे ही राजकुमार ने चौकी प्रभारी महेश सिंह को रुपये दिए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।