हमीरपुर,(हि.स.)। दो पक्षों में हुई खूनी संघर्ष में शनिवार के दिन पुलिस ने भाजपा की ब्लाक प्रमुख समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना के बाद गांव में अभी भी स्थिति तनावपूर्ण है। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिमौली गांव निवासी दिनेश को शुक्रवार रात पुलिस ने बीस लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई से गांव के एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर मुखबिरी करने का आरोप लगाया था। दोनों ही पक्ष एक दूसरे के आमने-सामने आ गये और देखते ही मारपीट शुरू हो गयी। लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला किया गया फिर असलहे से हवाई फायरिंग कर गांव में हंगामा काटा। इस घटना में दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल हुये थे। कोतवाली पुलिस, दोनों पक्षों के कई लोगों के गिरफ्तार कर कोतवाली ले आयी थी। घटना में कई महिलायें भी घायल हुईं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी जिस पर पुलिस ने शनिवार को गांव की मनकी पत्नी भोला निषाद की तहरीर पर गेसराम यादव पुत्र सरवन यादव, बब्बू, मान सिंह पुत्र लुखरू, सहदेव, महादेवस राजू उर्फ राजा पुत्र बनवासी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, वहीं दूसरे पक्ष के सहदेव पुत्र लुखरू की तहरीर पर पप्पू पुत्र रजवा, रजवा, ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि लालाराम निषाद व भाजपा की ब्लाक प्रमुख मौदहा मंजू देवी, प्रभुदयाल, दीपक, बरदनियां, विक्रम, दिनेश, भोला व रामकरन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। मौदहा कोतवाली के इंस्पेक्टर विक्रमाजीत ने शनिवार को देर शाम बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें एक पक्ष के ब्लाॅक प्रमुख मंजू देवी निषाद, उनके पति लालाराम निषाद तथा अन्य लोग आरोपित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों से छह लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। मामले की जांच करायी जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य है।