नई दिल्ली, (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में बहन की शादी का मेकअप कराने के बहाने एक महिला को अगवा कर दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है। अगवा कर महिला के साथ दुष्कर्म झज्जर,हरियाणा में किया गया। इसके बाद आरोपित पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने पति और पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान झज्जर निवासी सोनू(37) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सेंट्रो कार भी बरामद कर ली है।
आरोपित फेक करंसी रैकेट व आर्म्स एक्ट के केस में भी शामिल रह चुका है। पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय पीड़िता ब्यूटी पार्लर का काम करती है। आरोपित ने उसका फोन नंबर अभिषेक नाम के एक व्यक्ति से लिया था। उसने पीड़िता को कॉल कर बहन की शादी के लिए मेकअप कराने की बात कही। उनके बीच डील फिक्स हो गई। 23 मार्च को महिला टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन पहुंची, जहां उसे आरोपित मिला और सेंट्रो कार में बिठा कर झज्जर हरियाणा में एक सुनसान जगह पर ले गया।
आरोपित ने महिला के साथ कार के अंदर ही दुष्कर्म किया गया। इसके बाद वह महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद पीड़िता ने पति और पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर आरोपित का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया और उसे ट्रेस का दबोच लिया।