प्रयागराज, (हि.स.), भारतीय जनता पार्टी द्वारा डा.रीता बहुगुणा जोशी को उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की सीट इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गयी और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
भाजपा ने मंगलवार को महिला, परिवार कल्याण, मातृत्व एवं बाल कल्याण और पर्यटन मंत्री डा.रीता बहुगुणा जोशी को इलाहाबाद लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। इलाहाबाद की महापौर रह चुकीं डा.रीता जोशी अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की सीट से अपना भाग्य आजमायेंगी। 1971 के चुनाव में उनके पिता हेमवती नंदन बहुगुणा ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में इलाहाबाद संसदीय सीट से जीत हासिल की थी। उन्हें कुल 250213 मतों में 142886 मत हासिल हुए थे। हालांकि 1984 के चुनाव में अमिताभ बच्चन के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। उनकी मां कमला बहुगुणा ने 1977 के चुनाव में फूलपुर सीट से जीत हासिल की थी। रीता जोशी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से इतिहास में पढ़ाई की। उसके बाद वहीं से एमए और पीएचडी करने के बाद मध्यकालीन और आधुनिक इतिहास विभाग में प्रोफेसर बन गईं। 21 अक्तूबर 2016 को भाजपा में शामिल होने से पहले 24 साल तक वह कांग्रेस में रहीं और कई अहम पदों पर रहीं।
डा. रीता जोशी 2017 में भाजपा के टिकट पर लखनऊ छावनी से जीतीं और कैबिनेट मंत्री बनाई गईं। इनके भाई विजय बहुगुणा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। डा.रीता जोशी 1995-2000 के बीच इलाहाबाद की महापौर के पद पर कार्यरत थी। उन्हें दक्षिण एशिया में सर्वाधिक प्रतिष्ठित महिला होने का संयुक्त राष्ट्र एक्सीलेंस पुरस्कार भी मिल चुका है। जून 2001 में थाईलैंड में संयुक्त राष्ट्र ने दक्षिण एशिया में सबसे प्रतिष्ठित महिला मेयर के रूप में सम्मानित किया था।
मंगलवार को प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया और पूर्ण बहुमत से जिताने का संकल्प लिया। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, क्षेत्रीय मंत्री अर्चना शुक्ला, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विजय लक्ष्मी सिंह, सदस्य गीता विश्वकर्मा एवं समस्त क्षेत्रीय महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की तरफ से उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई एवं केंद्रीय नेतृत्व को बधाई एवं आभार व्यक्त किया गया। इसी क्रम में भाजपा के देवेन्द्र नाथ मिश्र, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, दिनेश तिवारी सहित कई पदाधिकारियों ने बधाई दी।