नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को भारत के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) को ”ए-सैट” की सफलता के लिए बधाई दी है।
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि एंटी सैटेलाइट तकनीक के सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ और पूरे वैज्ञानिक समुदाय को एक बार फिर से बधाई। इस सफलता के साथ डीआरडीओ ने विज्ञान के क्षेत्र में एक और मील का पत्थर साबित किया।
उल्लेखनीय है कि भारत ने बुधवार को एंटी सैटेलाइट मिसाइल से एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया। यह परीक्षण ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। एंटी सैटेलाइट मिसाइल ने अंतरिक्ष में 300 किमी दूर पृथ्वी की निचली कक्षा ‘एलईओ’ में एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराया। इसके साथ ही भारत यह क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। इससे पहले यह क्षमता सिर्फ दुनिया के तीन देशों- अमेरिका, रूस और चीन के पास थी।