भिलाई (हि.स.)। वैशालीननगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का कार्यकर्ता सम्मलेन का आयोजन गुरुवार को सुपरिणय भवन में किया गया। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल, विधायक विद्यारतन भसीन, जिला भाजपाध्यक्ष सांवलाराम डाहरे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करते हुए प्रदेश भाजपाध्यक्ष उसेंडी ने कहा कि प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर इस बार सिर्फ कमल ही खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जमीनी रूप से जुटकर जनता का दिल जीतने की सीख दी। साथ ही सभी स्तर पर सामंजस्य बनाकर चलने की सलाह दी है। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को आम जन-मानस गरीब, वंचित, उपेक्षित लोगों के लिए किये गये कार्यों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। सरकार की नीतियों की वजह से देश और विदेश में भारत सशक्त रूप से खड़ा है। हम सब भाजपा कार्यकर्ताओं को मजबूती के साथ अपने बूथों में सरकार के किए गये कार्यों को लेकर जनता तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा भिलाई के जिलाध्यक्ष राजमहंत सांवलाराम डाहरे ने कार्र्कर्ताओं को अपनी शक्ति के अनुरूप इस महासमर में अपना अमूल्य योगदान करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन ने कार्यकताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि इस वैशाली नगर विधानसभा के कार्यकर्ता बहुत ही ईमानदारी कर्मठता के साथ भारतीय जनता पार्टी को पचास हजार वोटों से विजय दिलाएंगे। हमारा पूरा विश्वास है।