नई दिल्ली, (हि.स.)।कलस्टर बस मैनजर से परेशान होकर एक कंडेक्टर ने कंझावला इलाके में ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को सब्जी मंडी शवगृह में रखवा दिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। कंडेक्टर ने सुसाइड करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाया हैं। सराय रोहिल्ला रेलवे पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस पंजाबी बाग डिपो में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हरिदर्शन (27) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ शिवराम पार्क निहाल विहार इलाके में रहता था। परिवार में पत्नी,दो छोटे बच्चे,एक भाई व अन्य सदस्य हैं। वह दो भाईयों में छोटा था। हरिदर्शन क्लस्टर बस में कंडेक्टर की नौकरी करता था। उसकी पंजाबी बाग डिपो में डयूटी थी। गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि घेवरा मोड़ रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रेक पर एक युवक की लाश खून से लथपथ हालत में पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची,पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
घटना से पहले उस ट्रेक से महाकौशल एक्सप्रेस गुजरी थी। शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिससे उसकी पहचान और परिवार के बारे में पता चल पाया। हरिदर्शन के परिवार वालों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। जिन्होंने सब्जी मंडी शवगृह आकर शव की पहचान की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हरिदर्शन को मैनेजर सोनू शर्मा ने पंजाबी बाग डिपो पर बुलाया था। वहां पर दोनों में कुछ बातें हुई। जिसके बाद हरिदर्शन ने ट्रेन के आगे आकर खुदकुशी कर ली। हरिदर्शन के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा,कंझावला कलस्टर बस डिपो का मैनेजर सोनू शर्मा उसको मानसिक रूप से काफी समय से और काफी ज्यादा प्रताडि़त कर रहा है। जिससे वह परेशान हो गया था। उसी परेशानी की वजह से वह खुदकुशी जैसा कदम उठा रहा है। परिवार वालों का कहना है कि वह शुक्रवार को इस बारे में पूरी लिखित रूप से डिटेल पुलिस को देगें। हरिदर्शन ने मैनेजर के बारे में परिवार को कई बार बताया था।
जिसको कई बार परिवार वाले समझाते रहते थे। लेकिन उनको यह नहीं पता था कि हरिदर्शन को इतना परेशान किया जाएगा कि वह खुदकुशी जैसा कदम उठा लेगा। पुलिस मामले में सोनू से से भी पूछताछ करेगी। अगर वह दोषी पाया गया तो उसको गिरफ्तार भी कर सकती है।