इटावा, (हि.स.)। इटावा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम के साथ शनिवार देर रात दो इनामी बदमाशों की मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए। घायल होने के बाद दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पर 25-25 हजार के इनाम घोषित हैं । पुलिस ने उनके पास से लूट की दो कार और दो तमंचे बरामद किए हैं। दोनों यूपी, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों में लूट और हत्या जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देते थे।
एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा के मुताबिक शनिवार रात पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि थाना वैदपुरा क्षेत्र के महोला जेल रोड पर दो बदमाश एक कार से महोला रोड पर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान कार सवार दोनों बदमाश गौरव यादव और अमन शर्मा पुलिस की गोली से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार बदमाशों ने बीते 28 फरवरी को एक चालक को गोली मारकर कार लूट ली थी। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इन्हीं बदमाशों का एक साथी मोनू यादव को तीन दिन पूर्व इटावा और हरियाणा पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद हरियाणा के महेंद्रगढ़ से गिरफ्तार किया था।