नई दिल्ली, (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस द्वारा मंगलवार को जारी घोषणा पत्र पर दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने को शामिल नहीं करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। आप नेता गोपाल राय ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं से धोखा है।
मंगलवार को गोपाल राय ने पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस पर अपने किए वादे से पीछे हटने का आरोप लगाते हुए हैरानी जताई कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज जारी घोषणापत्र में पुडुचेरी को पूर्ण राज्य बनाने की बात कही है, लेकिन उसमें दिल्ली को शामिल नहीं किया। कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र में दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने का वादा किया था, लेकिन वह पुराने वादे से पीछे हट गई है।
राय ने कहा कि दिल्ली के लोग केंद्र सरकार को डेढ़ लाख करोड़ से ज्यादा का टैक्स भरते हैं, लेकिन दिल्ली सरकार को केवल 325 करोड़ ही वापस मिलता है। इसके अलावा केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार की शक्तियों को छीन लिया। इस मुद्दे पर भी कांग्रेस चुप्पी साध गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीेएमसी) का क्षेत्र जहां केंद्र सरकार के सारे कार्यालय है, को अपने अधीन रखकर दिल्ली के अन्य क्षेत्र को अलग राज्य घोषित करेगी।