बेमेतरा, (हि.स)। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा से चश्मा गायब होने के मामले में अधिकारियों की घोर लापरवाही सामने आई है।
नगर पंचायत थान खम्हरिया के बस स्टैण्ड में स्थापित संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा से चश्मा गायब होने का मामला 14 अप्रैल को हिन्दुस्थान समाचार ने प्रमुखता से उठाया था। बावजूद इसके प्रशासनिक अधिकारियों के कान के नीचे ‘जू’ तक नहीं रेंग रही है।
ग्रामीणों के अनुसार विगत चार पांच वर्षो से डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति का चश्मा गायब हैं परंतु स्थानीय नगर पंचायत के पदाधिकारियों द्वारा किसी प्रकार की कार्यवाई नहीं की गई, ना ही मूर्ति में नया चश्मा लगाया गया। आज भी चश्मा विहीन मूर्ति नेताओं की मन:स्थिति के साथ प्रशासनिक कार्यशैली की पोल खोल रही है।
इस संबंध में थानखम्हरिया नगर पंचायत अध्यक्ष मनहरण सिन्हा से जानकारी लिए जाने पर उन्होंने चश्मा बनवाकर मूर्ति पर लगाने की बात कही है।
वहीं बेमेतरा कलेक्टर महादेव कावरे ने कहा कि, सरकारी कार्यों में विलंब होता है, अधिकारियों को निर्देशित किया गया है जल्द ही मूर्ति पर चश्मा लगा दिया जाएगा।