Home राज्य बदरीनाथ यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

बदरीनाथ यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

194
0
Listen to this article

गोपेश्वर, (हि.स.)। बदरीनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों की टीम ने बदरीनाथ धाम और यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। यात्रा मार्ग के निरीक्षण के दौरान लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र में हाइवे की बदहाल स्थिति को देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए लोनिवि की एनएच इकाई के अधिकारियों को हाइवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के साथ ही यात्रा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने माणा गांव जाकर यहां बर्फबारी से हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया। सभी विभागीय अधिकारियों को पांच मई तक बिजली, पानी, संचार, पैदल और सडक मार्ग के साथ खाद्यान्न व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कहा कि यात्रा तैयारियों को लेकर कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर लामबगड़ भूस्खलन जोन पर लोनिवि की एनएच इकाई की ओर से किये जा रहे सुधारीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया।
यहां सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पूर्व भूस्खलन जोन पर सुरक्षा इंतजाम के साथ ही सड़क को दुरुस्त करने के आदेश दिये। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे, अपर जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्निया सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here