नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से संबद्ध पीजीडीएवी (मॉर्निग) कॉलेज की दो छात्राओं ने एक शिक्षक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में लाजपत नगर थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में छात्राओं ने कहा कि आरोपित शिक्षक उन्हें बहाने से अपने कमरे में बुलाता था और वहां अश्लील बातें करता था। विरोध करने पर वह करियर बर्बाद करने की धमकी देता था। पीड़ित छात्राओं की माने तो वह कई बार बाहर घूमने चलने का भी दबाव बनाता था।
वहीं, कॉलेज के प्राचार्य का कहना है कि छात्रओं ने २० दिन पहले मामले की शिकायत कॉलेज की आंतरिक शिकायत निवारण समिति को भी दी थी। तब से लेकर इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। समिति सभी का पक्ष जान रही है। जिस शिक्षक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है उससे भी पूछताछ की जा रही है। छात्राओं ने इस मामले की पुलिस में भी शिकायत की है।