Site icon क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

खेत में नींबू, अमरूद के पौधों के बीच उगाता था गांजा भी, गिरफ्तार, 575 पौधे बरामद हुए

उदयपुर(ईएमएस)। एसपी कैलाशचंद्र बिश्नोई द्वारा मादक पदार्थ तस्करी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को अंबामाता पुलिस ने निर्भय सिंह पुत्र गोपाल सिंह राजपुतनिवासी लियो का गुडा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजे के 575 पौधे और 310 ग्राम गांजा बरामद किया। अभियुक्त की गिरफ्तारी के समय उसके पास से पुलिस को टीन के डिब्बे में 310 ग्राम ताजा गांजा मिला। शक होने पर पुलिस ने उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से सच उगलवाया कि ये गांजा कहां से आया तो उसने सबको ये बताकर चौंका दिया कि वह अपने खेत में नींबू और अमरुद के पौधों के बीच गांजे की खेती करता है। पुलिस ने उसके खेत से गांजे के 575 पौधे बरामद किए। अंबामाता थानाधिकारी चैनाराम पचार के नेतृत्व में गठित टीम रविवार को गश्त पर थी। इस दौरान टीम लियो का गुडा पहुंची। यहां निर्भय सिंह पुलिस जीप को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा और तलाशी ली। उसके पास 15 लीटर क्षमता वाला एक लोहे का टीन मिला। उसमें पुलिस को उसके कब्जे में डिब्बे से 310 ग्राम गांजा अवैध रूप से पाया गया। गांजा एकदम ताजा था। इसके चलते पुलिस को शक हुआ। अवैध गांजे के बारे में मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछने पर निर्भय सिंह ने बताया कि वह अपने खेत में नींबू, अमरूद के पौधे और ज्वार की फसल के बीच में छुपाकर गांजा की खेती करता है। इस पर पुलिस ने पूरे खेत में तसल्ली पूर्वक चेक किया तो गांजे के कुल 575 पौधे खेत में उगाए हुए मिले। इसका लाइसेंस उसके पास नहीं था। पुलिस ने इनको उखाड़कर कब्जे में लिया और एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई कंवर लाल कांस्टेबल प्रकाश, सुमित, रामप्रसाद शामिल रहे।

Exit mobile version