बरेली (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में एक महिला ने अपनी निजता के उल्लंघन (ब्रीच ऑफ प्रिवेसी) और उत्पीड़न के आरोप में पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने अंतरंग पलों को कैमरे में कैद करते हुए विडियो बना लिया। महिला ने बारादरी पुलिस थाने में पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि विडियो बनाने का विरोध करने पर पहले तो पति ने वादा किया कि वह उन्हें डिलीट कर देगा, लेकिन बाद में वह विडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 377 (अप्राकृतिक सेक्स), 506 (आपराधिक धमकी) और आईटी ऐक्ट के केस दर्ज कर लिया है। बरेली पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला ने 29 अक्टूबर 2018 को एक स्थानीय ठेकेदार से शादी की थी। सुहागरात के दिन पति ने अंतरंग पलों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। जब महिला ने आपत्ति जताई तो पति ने विडियो को डिलीट करने का भरोसा दिलाया, लेकिन कुछ दिन बाद महिला ने नोटिस किया कि विडियो अब भी पति के फोन में मौजूद हैं। उसने जब विडियो डिलीट करने की कोशिश की तो पति ने कथित रूप से पत्नी के साथ अप्राकृतिक सेक्स किया और एक बार फिर विडियो बना लिया।