Home अहमदाबाद डिस्कवरी राइड टूटने से 2 लोगों की मौत, 30 घायल, संचालक हिरासत...

डिस्कवरी राइड टूटने से 2 लोगों की मौत, 30 घायल, संचालक हिरासत में

225
0

अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के कांकरिया क्षेत्र स्थित बालवाटिका में रविवार की शाम डिस्कवरी नामक राइड टूटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए| घायलों को मणीनगर के एलजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है| पुलिस ने राइड संचालकों को हिरासत में ले लिया है| अहमदाबाद की ऐतिहासिक झील कांकरिया पर रोजाना सैलानियों का जमावड़ा होता है| रविवार समेत अवकाश के दिनों में यहां खासी भीड़ होती है| आज रविवार को बड़ी संख्या में कांकरिया और बालवाटिका में सैलानी आए थे| बालवाटिका का वातावरण उस समय चीख पुकार से गूंज उठा जब राइड टूटकर जमीन पर जा गिरी| घटना के वक्त राइड में करीब 32 जितने लोग सवार थे, जो क्षमता से अधिक बताए जा रहे हैं| घटना के बाद 5 एम्ब्युलैंस और फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू कर दिया| इस हादसे में 24 वर्षीय मनाली रजवाडी और महमद जाहिद आर मोमिन की मौत हो गई| जबकि कंजिला बानु, राकेश, विशाल कदम, ट्वींकल, संदीप, लक्ष्मी, नीशा, राकेश, बुसुरा, तैयबा सैयद, शीफा संघवी, जागृति, आशीष, बीजल, सोमिन, युसूफ, हरिश, सागर, अंकित और मोहसिनखान घायल हो गए| सभी घायलों को अहमदाबाद के मणीनगर क्षेत्र के एलजी अस्पताल में उपचार चल रहा है| जिसमें छह लोगों की हालत गंभीर बताई गई है| अस्पताल में लोगों की भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है|
जानकारी के मुताबिक आम्रपाली एजन्सी द्वारा राइड चलाई जा रही थी| पुलिस ने इसके संचालक घनश्याम पटेल समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है| अहमदाबाद की महापौर बीजल पटेल और मनपा आयुक्त विजय नेहरा समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए| एलजी अस्पताल पहुंचे गृह राज्यमंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा ने कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों के उपचार के पूरा खर्च अहमदाबाद महानगर पालिका उठाएगी| मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं| बता दें कि कुछ समय पहले अहमदाबाद के रिवरफ्रंट में लगे मेले में 50 फूट ऊंची राइड अचानक बंद हो गई थी| जिसमें फायर ब्रिगेड ने 28 लोगों को रेस्क्यू किया था| पिछले साल अहमदाबाद के नारोल सर्कल के निकट आनंद मेला में राइड टूटने की घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here