मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के घाटकोपर इलाके में एक पिता ने अपनी ही प्रेग्नेंट बेटी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर डाली। इस बेटी का कसूर केवल इतना था कि उसने पिता के खिलाफ जाकर अपनी पसंद से शादी कर ली थी। पुलिस ने बताया कि 20 वर्षीय मीनाक्षी चौरसिया 4 महीने की प्रेग्नेंट थी। शनिवार को मीनाक्षी के पिता राजकुमार चौरसिया ने उसके चेहरे पर और सिर पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह पुलिस ने राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी जोन-7 अखिलेश सिंह ने बताया कि फरवरी में मध्य प्रदेश के सतना में बृजेश और मीनाक्षी ने कोर्ट मैरेज कर ली। लेकिन पिता ने मीनाक्षी की शादी विरार के एक लड़के से तय की थी। इसके लिए पूरी तैयारी भी कर ली गई थी और कार्ड तक छप गए थे। इसी बात से नाराज चल रहे राजकुमार ने बेटी की हत्या कर दी।