Home अहमदाबाद 24 घंटों से गुजरातभर में बारिश, कई इलाके हुए द्वीप में तब्दील

24 घंटों से गुजरातभर में बारिश, कई इलाके हुए द्वीप में तब्दील

549
0

अहमदाबाद (ईएमएस)| पिछले 24 घंटों से गुजरातभर में हो रही लगातार बारिश के थमने की फिलहाल कोई संभावना नहीं लगती| लगातार बारिश के चलते कई इलाके द्वीप में तब्दील हो गए हैं| शनिवार शाम 6 बजे तक मोरबी शहर और टंकारा में 10.5 ईंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है| कच्छ जिले के रापर में 10 ईंच बारिश होने की खबर है| इसके अलावा सुरेन्द्रनगर के ध्रांगध्रा में 8 ईंच, जामनगर के कालावड में 8 ईंच, राजकोट, जूनागढ़ और देवभूमि द्वारका में 4 से 8 ईंच तक बारिश हुई है| राजकोट में पिछले 30 घंटों में 17 ईंच बारिश हो चुकी है| राज्य में कई जगह बारिश जानलेवा साबित हुई है| मोरबी में दीवार ढहने से एक महिला समेत 8 लोगों की मौत हो गई| खेडा जिले के नडियाद में मकान ढहने से 4 लोगों की मोत हुई है| अहमदाबाद के बोपल में दीवार ढहने से चार लोगों की मौत हो गई| उत्तरी गुजरात में भी बारिश का कहर जारी है| साबरकांठा, राधनपुर, कडी, विजापुर और सूईगाम इत्यादि का लगातार बारिश से बुरा हाल है| कड़ी के कई इलाकों में लोगों के घर में दो से तीन फूट तक पानी भर गया है| साबरकांठा में भी यही हाल है, हांलाकि बारिश से जिले के ज्यादातर जलाशय छलकने लगे हैं| राधनपुर और विजापुर की कई सोसायटियों में पानी घुसने लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं| वडोदरा में विश्वामित्री नदी का जलस्तर फिर एक बार बढने से किनारे के लोगों को सतर्क कर दिया है| वडसर गांव स्थित कासा रेसिडेन्सी में नदी का पानी घुसने अनेक परिवार फंस गए हैं| एसडीआरएफ की टीम ने 28 जितने लोगों का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है| गुजरात में हो रही लगातार बारिश के कारण राज्य के जलाशय छलकने लगे हैं| जूनागढ़ का दामोदार कुंड, नर्मदा डैम, आजी डैम, उकाई डैम, मोतीसर डैम और नायका डैम पानी से लबालब हो गए हैं| लगातार बारिश के चलते कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त तो कहीं पानी में डूब गई हैं| जिसे देखते हुए रोडवेज की 74 रूट पर 812 बसों की ट्रीप रोक दी गई है| राज्य के विभिन्न जिलों में एनडीआरएफ की 18 और एसडीआरएफ की 11 टीमों समेत सेना के जवान राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं|मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 24 घंटों के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है| सुरेन्द्रनगर, बोटाद, भावनगर, अमरेली, राजकोट भारी बारिश होगी| जबकि जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ और कच्छ में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है| इसके अलावा पाटण, मेहसाणा, बनासकांठा, साबरकांठा, अरवल्ली, गांधीनगर, अहमदाबाद, खेडा, आणंद, वडोदरा, पंचमहल, दाहोद, महीसागर, नर्मदा, भरुच, सूरत, नवसारी और वलसाड में भी भारी बारिश का अनुमान है| मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है| गुजरात में मौसम की अब तक 70 प्रतिशत बारिश हो चुकी है|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here