Site icon क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

पीएम मोदी ने साबरमती आश्रम में गांधीजी को सूताजंलि अर्पण की

अहमदाबाद (ईएमएस)| गांधीजी की 150वीं जयंति के अवसर पर अहमदाबाद आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साबरमती आश्रम में गांधीजी की प्रतिमा को सूत की माला पहनाकर आदराजंलि दी| करीब 20 मिनट तक पीएम मोदी गांधी आश्रम में रहे और गांधीजी के विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया| साबरमती आश्रम से पीएम मोदी रिवरफ्रंट में आयोजित सरपंच सम्मेलन के लिए रवाना हो गए|
इससे पहले अहमदाबाद पहुंचने पर पीएम मोदी का हवाई अड्डे पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया| हवाई अड्डे के निकट मैदान में गुजरात भाजपा की ओर से पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया| भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनियाभर में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है| उन्होंने कहा कि पहली बार 2014 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद संयुक्त राष्ट्र संघ गए, जहां पहली दफा बोलने का अवसर मिला| संयुक्त राष्ट्र में योग को सबसे ज्यादा समर्थन मिला| आज दुनियाभर के लोग एक उम्मीद के साथ भारत की ओर देख रहे हैं| भारत में विश्व को साथ लेकर चलने का सामर्थ्य है| पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात की मिट्टी की ताकत देखिए| यह वही मिट्टी है, जहां क्रांतिगुरु श्यामजी कृष्णवर्मा का जन्म हुआ| यह वही मिट्टी है, जिसके साथ मेडम कामा का नाम जुड़ा है| इसी मिट्टी में सरदार पटेल का जन्म हुआ था और इसी गुजरात की भूमि ने दुनिया को गांधी दिया है| उन्होंने कहा कि गांधीजी का प्रिय भजन “वैष्णव जन तो तेने कहिए रे” 150 से भी ज्यादा देशों के गायकों ने गाया और वह भी हाथ में बगैर किसी कागज के| इतना ही वे सभी गीत का अर्थ भी अच्छी तरह जानते थे|

Exit mobile version