Site icon क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

बाढ़ ने ली 73 लोगों की जान, महामारी की भी संभावना

पटना (ईएमएस)। बिहार में भारी बारिश से आई बाढ़ ने अभी तक कुल 73 लोगों की जान ले ली है। राजधानी पटना में भारी बारिश और बाढ़ के चलते आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्‍य के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके चलते पटना के सभी स्कूल 4 अक्टूबर तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, बाढ़ के बाद जलजमाव वाले इलाकों में महामारी की आशंका भी जताई जा रही है।
खबरों के अनुसार केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने महामारी की आशंका को देखते हुए केंद्रीय टीम को बिहार जाने के आदेश दिए है। साथ ही राज्य मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट रहने और राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पटना में डीएम कुमार रवि ने सभी स्कूलों और अन्य शैक्षिक संस्थानों को बंद करने का आदेश जारी किया है। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि, ‘बाढ़ के कारण 73 लोग मारे गए हैं और 9 घायल हैं। कोल इंडिया से लाए गए पंप में कुछ तकनीकी दिक्कतें थीं। यदि गुरुवार को काम शुरू होता है, तो हम राजेंद्र नगर से पानी साफ कर देंगे।’ पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के सांसद रामकृपाल यादव ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र पाटलिपुत्र में बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। इस दौरान धनरुआ के रमणी बिगहा क्षेत्र में उनकी नाव पलटने से वह डूबने लगे। आनन-फानन उनके पास मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचा लिया। इस घटना में वह मामूली रूप से जख्मी भी हो गए।

Exit mobile version