क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

पति की रंग-रेलियों से तंग पत्नी ने दूसरे विवाह के लिए उठाया खौफनाक कदम

झांसी (ईएमएस)। यूपी के झांसी में पति की रंग-रेलियों से तंग आकर पत्नी ने दूसरे विवाह के लिए जो खौफनाक कदम उठाया वह रोंगटे खड़े करने वाला था। पुलिस छानबीन में हत्‍या की इस घटना में पत्नी का हाथ सामने आया है। महिला का आरोप था कि पति दूसरी महिलाओं और शराब पर सारी जायदाद लुटा रहा था। यहां तक की जो जायदाद पत्नी के नाम पर थी उसे भी जबरन बिकवा रहा था। पति की इन्हीं हरकतों से तंग आकर पत्नी दूसरी शादी कर एक अच्छी जिंदगी जीना चाहती थी। आरोपी महिला के इस खुलासे के बाद पुलिस भी हैरान है। पुलिस ने इस मामले में पत्नी, उसकी बहन और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यूपी के झांसी के सीपरी बाजार में विवेक उपाध्याय परिवार समेत रहता था। कुछ दिन पहले विवेक का शव कार में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम में पता चला कि विवेक की हत्या गला दबाने के बाद किसी भारी चीज को उसके सिर पर मार कर की गई। पुलिस को मौके से कुछ ऐसे सबूत मिले थे जिससे यह पता चल रहा था कि हत्या में किसी महिला का भी हाथ है। पुलिस को जब मृतक की पत्नी पर शक हुआ तो उससे कड़ाई के साथ पूछताछ की गई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी पत्नी ने सब कुछ सच-सच बता दिया। उसने बताया कि तीन लोगों को पांच लाख रुपये देकर विवेक की हत्या कराने के लिए तैयार किया गया था। एक दिन उसने अपनी बहन को उसके घर छोड़ आने के लिए कहा था। विवेक की कार को रास्ते में रुकवा दिया गया। वहां पहले से ही तीन लोग रुके हुए थे। आरोपी महिला ने बताया कि विवेक का गला घोट दिया गया और शव को कार में रखकर नहर में धकेल दिया। अब इस मामले में पुलिस पुख्‍ता सबूत जुटाने में जुटी है।

Exit mobile version