Home देश-दुनिया झुलसाती गर्मी से 24 घंटे तक राहत के आसार नहीं आगे बढ़ा...

झुलसाती गर्मी से 24 घंटे तक राहत के आसार नहीं आगे बढ़ा दक्षिण पश्चिम मानसून

433
0

नई दिल्ली(एजेंसी)। दिल्ली एनसीआर सहित पूरा उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में है और अगले 24 घंटे हालात ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून के बंगाल की खाड़ी में आगे बढऩे के बावजूद राहत के आसार नहीं हैं। इस दौरान हरियाणा का नारनौल 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में झुलसाने वाली गर्मी अगले 24 घंटे तक जारी रहेगी। विदर्भ, पश्चिमी राजस्थान और कई स्थानों पर भीषण लू का प्रकोप है। वहीं दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में भी अगले 24 घंटे तक हालात ऐसे ही बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 29 और 30 मई को धूल भरी आंधी और गरज के साथ बौछार पड़ेगी, जिससे उत्तर भारत में गर्मी से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है।
आगे बढ़ा दक्षिण पश्चिम मानसून
आईएमडी के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र ने बताया है कि दक्षिण पश्चिम मानसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के अधिकांश भागों और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आगे बढ़ रहा है। दक्षिण पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढऩे के लिए स्थिति अनुकूल है और अगले 48 घंटों में यह अंडमान सागर और दक्षिण व मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में रफ्तार पकड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here