Home देश-दुनिया कई राज्यों में बारिश, 5.6 डिग्री तक लुढ़का पारा तीन दिनों तक...

कई राज्यों में बारिश, 5.6 डिग्री तक लुढ़का पारा तीन दिनों तक जारी रहेगा तापमान में गिरावट का दौर

177
0

नई दिल्ली(एजेंसी)। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली तो पांच दिन बाद भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। दिल्ली पहुंची पुरवा हवाओं और देर शाम हुई बूंदाबांदी के बाद तापमान में करीब 5.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे पूरा दिल्ली-एनसीआर लू के थपेड़ों से बचा रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तेज हवाओं व हल्की बारिश के बीच अगले तीन दिनों तक तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। 31 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक खिसक सकता है। आसमान में हल्के बादलों के बीच चल रही पुरवा हवाओं ने सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर में असर दिखाया। तेज हवाओं ने तपिश को कमजोर किया। दिनभर आसमान में छाए बादलों और सूरज के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा। इससे दिल्ली के किसी भी इलाके में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई। हालांकि, बुधवार को अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस था, जो बृहस्पतिवार को 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिल्ली के सबसे गरम पालम इलाके का तापमान भी 47.2 से लुढ़ककर 41.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम
30 मई को 50-60 किमी प्रतिघंटा की चाल से चलेंगी हवाएं। आसमान में रहेंगे हल्के बादल और हल्की बारिश की उम्मीद। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 31 मई को 30-40 किमी प्रति घंटा की चाल से चलेंगी हवाएं। हल्के बादल रहेंगे और हल्की बारिश की उम्मीद। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मप्र में भी तापमान में गिरावट
पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। गर्म हवाओं से लोग बेहाल हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 43.5, इंदौर में 41.7, जबलपुर में 42.6 और ग्वालियर में 43.2 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून मप्र में एक हफ्ते देर से यानी 20 जून तक और भोपाल में 22 जून तक दस्तक दे सकता है। एक ट्रफ लाइन, जो कि उत्तरी मध्यप्रदेश से गुजर रही है। इसके प्रभाव के चलते मौसम में हल्का बदलाव देखा गया और कुछ स्थानों पर तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि शाम के समय सतना और रीवा में हल्की बारिश के सात तेज हवाएं चलीं।
कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना
ट्रफ लाइन के उत्तरी मध्यप्रदेश से गुजरने के चलते अगले 24 से 48 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की बारिश होने के साथ ही तापमान में गिरावट की संभावना है। राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में आज दिन में गर्मी का प्रभाव देखा गया, लेकिन इसमें कल की तुलना में नरमी रही। कल यहां बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं। अधिकतम तापमान यहां 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here