Home देश-दुनिया कोशी, गंडक, कमला एवं अन्य नदियों में बाढ़ से बचाव के लिए...

कोशी, गंडक, कमला एवं अन्य नदियों में बाढ़ से बचाव के लिए तेजी से पूरे करें जरूरी निर्माण : नीतीश -उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम ने अफसरों को दिए निर्देश

319
0

पटना (एजेंसी)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोशी, गंडक, कमला एवं अन्य नदियों पर प्रस्तावित कटाव निरोधक कार्यों की स्थिति एवं संभावित बाढ़ की पूर्व तैयारियों के संबंध में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। कोशी, गंडक, कमला एवं अन्य नदियों पर प्रस्तावित कार्यों की स्थिति एवं संभावित बाढ़ से बचाव की पूर्व तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में सीएम नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाकी बचे काम तेजी से पूरे किए जाएं, ताकि संभावित विपदा से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा कि इन नदियों सहित अन्य नदी बेसिन एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में तथा पिछली बार जहां कटाव हुआ था, उन स्थलों पर सुरक्षा के लिए बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का कार्यान्वयन पूरी तत्परता से करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से संबंधित सभी लंबित योजनाओं को पूर्ण करने के लिए नेपाल के भी संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को शीघ्र पूरा करें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कमला बलान तटबंध की मजबूती के लिए तटबंधों में स्टील सीट पायलिंग की जा रही है। इस तरह का प्रयोग बिहार में पहली बार हो रहा है, इससे तटबंध को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए ललबेकिया दायां मार्जिनल बांध एवं कमला वियर के बाएं एवं दाएं गाईड-मार्जिनल बांध पर बाढ़ संघर्षात्मक सामग्रियों का भंडारण पर्याप्त मात्रा में रखें। जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस के कोशी, गंडक, कमला एवं अन्य नदियों पर प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन स्थिति को लेकर प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया कि कमला वियर के बाएं एवं दाएं गाईड बांध का ब्रीच क्लोजर अथवा सुरक्षात्मक कार्य अभी अपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने कहा वाल्मिकीनगर स्थित गंडक बराज का लगातार निरीक्षण किया जाय। अगर बराज के किसी गेट में कोई समस्या हो तो उसे तुरंत ठीक किया जाए। निरीक्षण कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं अभियंता इंजीनियर सतर्क रहें। अधिकारियों को इसके लिए प्रशिक्षित भी किया जाए। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी चम्पारण के बेलवा धार में एंटी फ्लड स्लुईस गेट निर्माण का कार्य चल रहा है। इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश दिए कि यह कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि संचार व्यवस्था और सुदृढ़ रखें ताकि बाढ़ की स्थिति में तेजी से लोगों को सावधान किया जा सके और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि संभावित बाढ़ से बचाव की सारी तैयारियां पूर्व से ही रखें। बाढ़ की स्थिति में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जो भी कार्य किए जाने हैं, एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुसार वे सारी तैयारियां की जाएं ताकि किसी को भी कोई कठिनाई न हो। बैठक में जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त अरूण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here