Site icon क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

न्यूयॉर्क में कई देशों के नागरिकों ने किया चीन के खिलाफ प्रर्दशन

न्यूयॉर्क में कई देशों के नागरिकों ने किया चीन के खिलाफ प्रर्दशन
न्यूयॉर्क (एजेंसी)। बायकॉट चाइना मुहिम भारत ही नहीं बल्कि, अन्य देशों में भी शुरू हो गई है। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्कवायर पर शुक्रवार रात भारतीय मूल के नागरिकों ने चीन के खिलाफ प्रदर्शन किया। भारतीय मूल के नागरिकों का ताइवान और तिब्बती मूल के अमेरिकी नागरिकों ने भी समर्थन किया। इस दौरान बायकॉट चीन के नारे भी लगाए।
अमेरिका में कोरोना संक्रमण संबंधी चेतावनी के बावजूद इन लोगों ने चीन के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। इन लोगों के हाथों में चीन विरोधी बैनर और पोस्टर भी थे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने इस दौरान बायकॉट चीन के नारे भी लगाए। अमेरिका में इससे पहले भी दूसरे शहरों में चीन के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि चीन में बनी चीजों का बायकॉट किया जाना जरूरी है। भारतीयों के संगठन अमेरिकन इंडिया पब्लिक अफेयर्स कमेटी के प्रेसिडेंट जगदीश शेवानी ने कहा कि चीन ने भारतीय सैनिकों पर हमला करके अपना असली चेहरा दिखाया है। चीन अपने आसपास के देशों को भी परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि चीन को सबक सिखाने के लिए सबसे पहले उसे आर्थिक रूप से कमजोर करना होगा। चीन खुद अपने देश के नागरिकों के लिए भी मुसीबत बनता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 15 जून की रात गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, इस झड़प में चीन के भी 45 सैनिक मारे गए थे। लेकिन, चीन ने अब तक इस पर कोई खुलासा नहीं किया है। इसके बाद भारत ने चीन के 59 ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही भारत की कई कंपनियों ने चीन के साथ करार तोड़ दिया है।

Exit mobile version