Site icon क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

गर्लफ्रेंड ने बनाया शादी के लिए दबाव तो लड़के ने बुला ली पुलिस

गोरखपुर (एजेसी)। गोरखपुर में मुंबई की रहने वाली एक लड़की अपने बॉयफ्रेंड से शादी के लिए जिद करने लगी। मगर, उस युवक ने लड़की से किसी तरह के प्रेम संबंध होने से साफ इनकार कर दिया और पुलिस बुला ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई। बाद में पुलिस ने समझाकर प्रेमिका को उसकी मौसी के घर भेज दिया। वही, अब लड़की ने पुलिस को शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। बताया गया कि करीब ढाई साल पहले एक विवाह समारोह के दौरान अंकित सहानी की मुलाकात मुंबई के पनवेल की रहने वाली एक लड़की से हो गई। उस लड़की का गांव कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र में है। दोनों एक ही विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। पहली मुलाकात में दोनों में दोस्ती हुई, फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद लड़की मुंबई चली गई, कुछ दिन बाद अंकित साहनी भी काम के सिलसिले में पनवेल चला गया। पनवेल में रहकर वह फर्नीचर का काम करने लगा। अंकित लॉकडाउन में अपने गांव वापस आ गया। उधर मुंबई में उसकी गर्लफ्रेंड उसका इंतजार करती रही, जब अंकित नहीं आया तो उसके इंतजार का बांध टूट गया। इसके बाद 1 जुलाई को शादी रचाने के लिए वह अकेले ही मुंबई से चल दी। अंकित के घरवालों को अपनी प्रेम कहानी सुनाकर शादी करने का दबाव बनाने लगी। इधर अंकित के घरवालों ने प्रेमिका से कहा कि घर के लोगों के साथ बातचीत होगी, उसके बाद जैसा होगा देखा जाएगा। जब प्रेमिका ने अंकित के घरवालों की बात भी नहीं मानी तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद प्रेमिका थाने पहुंची, उसने लिखित तहरीर देकर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस मामले में निरीक्षक मनोज कुमार राय का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है। लड़की ने लिखित तहरीर दी है, इसी के आधार पर दोनों पक्षो में बातचीत चल रही है।

Exit mobile version