Home अहमदाबाद गुजरात भाजपा के अध्यक्ष बने नवसारी के सांसद सीआर पाटील

गुजरात भाजपा के अध्यक्ष बने नवसारी के सांसद सीआर पाटील

260
0

गुजरात भाजपा के अध्यक्ष बने नवसारी के सांसद सीआर पाटील
अहमदाबाद/सुरत (एजेसीईएमएस)| भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दक्षिण गुजरात के नवसारी से सांसद सीआर पाटील को गुजरात प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है| सीआर पाटील प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाते हैं| सीआर पाटील भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष जीतु वाघाणी का स्थान ग्रहण करेंगे| गुजरात भाजपा प्रमुख का पद पहली दफा किसी गैर गुजराती को सौंपा गया है| सीआर पाटील महाराष्ट्र के जलगांव के मूल निवासी हैं, लेकिन गुजरात उनकी कर्मभूमि होने से उन्हें गुजरात प्रदेश का भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है| सीआर पाटील की नियिक्त से गुजरात भाजपा के प्रमुख पद पर सौराष्ट्र का दबदबा खत्म हो चला है| गुजरात भाजपा में दक्षिण गुजरात का कद बढ़ने से नवसारी और सूरत समेत भरुच के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है| आगामी उप चुनाव से पहले पाटील की नियुक्ति क्या रंग लाती है तो यह आनेवाला वक्त ही बताएगा| लेकिन सीआर पाटील ने दावा किया है कि विधानसभा के आगामी उपचुनाव में भाजपा सभी 8 सीटों पर जीत दर्ज करेगी| पाटील ने कहा कि भाजपा में छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ताओं को अहमियत दी जाती है और मैं उसका जीवित उदाहरण हूं| भाजपा ने मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को गुजरात भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत गुजरात के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं| गैर गुजराती सीआर पाटील के पुलिस कांस्टेबल से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तक के सफर नजर डाली जाए तो उनका जन्म 16 मार्च 1955 में महाराष्ट्र के जलगांव में हुआ था| सूरत की आईटीआई में शिक्षा प्राप्त करने के बाद वह गुजरात पुलिस में शामिल हो गए| पुलिसकर्मियों की समस्याओं के लिए संगठन बनाया और उनकी आवाज बुलंद की| 1984 में पुलिसकर्मी यूनियन बनाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें निलंबित कर दिया गया| अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए सीआर पाटील ने सरकारी नौकरी छोड़ दी और 1989 में राजनीतिक जीवन में कदम रखा| सामाजिक कार्यों के चलते उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई| संस्थाओं के विभिन्न पदों पर काम करते हुए सीआर पाटील आगे बढ़ते गए| भाजपा की अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाने में सीआर पाटील का अहम योगदान है| 2009 नवसारी लोकसभा सीट अस्तित्व में आने के बाद सीआर पाटील पहली दफा चुनाव लड़े और जीतकर संसद पहुंचे| उसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में भारी वोटों के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी परास्त कर दूसरी बार सांसद चुने गए| 2019 में सीआर पाटील ने 2014 के मुकाबले ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here