Site icon क्रांति समय ( दैनिक समाचार & चैनल )

मैनपुरी: भतीजे ने बुआ को मारी गोली

भतीजे ने बुआ को मारी गोली

मैनपुरी (एजेंसी) | दन्नाहार थाना क्षेत्र के ग्राम नेकापुर में जमीन के विवाद में युवक ने अपनी बुआ की गोली मारकर हत्या कर दी। उसने अपने दादा और दादी को भी गोली मारी। दोनों ही गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां से दोनों को सैफई रेफर कर दिया गया है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पांच टीमें बनाई हैं।

ग्राम नेकापुर निवासी सत्यराम (70) पुत्र मिश्रीलाल पाल का पुत्र राजेश कुमार से जमीन का विवाद चल रहा है। सत्यराम की पुत्री सोनतारा (25) उर्फ सोनी दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करती थी। लेकिन लॉकडाउन के चलते वह गांव में ही रहने लगी।सत्यराम ने मैनपुरी नगर के खरगजीतनगर ऋषि आश्रम के निकट अपने एक प्लॉट को सोनी के नाम करने का फैसला किया तो इससे उनका पुत्र राजेश और पौत्र रवि पाल नाराज हो गए। इसे लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था।

बताया गया कि बुधवार को रवि ने यह प्लॉट अपने नाम करने का दबाव दादा सत्यराम पर बनाया।उन्होंने इनकार किया तो विवाद बढ़ गया। काफी झगड़े के बाद गुस्से में रवि ने बुआ सोनी के सिर में गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। रवि ने दादा सत्यराम और दादी सुरजा देवी को भी गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।इसके बाद रवि भाग निकला। उधर गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर एसपी अजय कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ सिटी अभय नारायण राय, दन्नाहार थाना प्रभारी ओमहरी बाजपेई ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

एसपी ने पुलिस को हत्यारोपी की गिरफ्तारी 72 घंटे में करने के निर्देश दिए हैं। घटना के संबंध में देर रात तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। गंभीर घायल सत्यराम और उनकी पत्नी सुरजा देवी का सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।घटना पता चलते ही मै मौके पर गया। प्लॉट के विवाद में युवक ने बुआ की गोली मारकर जान ले ली। दादा और दादी को भी गोली मारकर घायल कर दिया। उनका उपचार चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version