Home कोरोना भारत में 42 लाख के करीब कोरोना संक्रमित, 32 लाख से ज्यादा...

भारत में 42 लाख के करीब कोरोना संक्रमित, 32 लाख से ज्यादा ठीक हुए

255
0
भारत में 42 लाख के करीब कोरोना संक्रमित, 32 लाख से ज्यादा ठीक हुए

नई दिल्ली(एजेंसी)। कोरोनावायरस संक्रमण के मामले में हर दिन नया कीर्तिमान बना रहे महाराष्ट्र में रविवार को 1 दिन में सर्वाधिक 23,350 नए केस मिले और पीड़ितों की संख्या बढ़कर 9,07212 हो गई। इस रफ्तार से महाराष्ट्र अगले 5 दिन में रूस को पीछे छोड़ देगा। वैसे प्रतिदिन मिलने वाले संक्रमित मरीजों और मौतों की संख्या में महाराष्ट्र रूस को पीछे छोड़ चुका है। रूस में प्रतिदिन 5 से 6 हजार के बीच कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। महाराष्ट्र का दुनिया में रूस के बाद पांचवा नंबर है।

समूचे भारत में भी नित नए कीर्तिमान के साथ तेज रफ्तार से कोरोनावायरस फैल रहा है। रविवार को रात 10 बजे तक 85,777 नए संक्रमित मिल चुके थे और पीड़ितों की संख्या 41 लाख 96 हजार 616 हो चुकी थी। देर रात यह संख्या 42 लाख को पार हो सकती है। कोरोनावायरस से ठीक होने वालों की संख्या भी 32 लाख से ऊपर पहुंच गई है। रविवार को 63,503 मरीजों को कोरोना से मुक्ति मिली और ठीक होने वालों की संख्या 32 लाख 41 हजार 203 हो गई। हालांकि अब तक 71,641 लोगों की मौत हो चुकी है।

मौतों की बढ़ती संख्या से चिंतित केंद्र सरकार ने राज्यों से आग्रह किया है कि वह कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 1% तक नियंत्रित करें।रविवार को आंध्र प्रदेश में 10,594, तमिलनाडु में 5683, कर्नाटक में 9309, उत्तरप्रदेश में 6518, दिल्ली में 3256, पश्चिम बंगाल में 3087, बिहार में 1797, तेलंगाना में 2574, ओडिशा में 3810, गुजरात में 1335, केरल में 3082, हरियाणा में 2277, मध्यप्रदेश में 1694, पंजाब में 1946, जम्मू और कश्मीर में 1316 नए संक्रमित मरीज मिले। इसमें छत्तीसगढ़, असम और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों की संख्या शामिल नहीं है, जो देर रात तक अपडेट होती है।

इन राज्यों को जोड़ने पर देर रात रविवार को मिलने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 90 हजार से ऊपर पहुंचने की संभावना है। इस तरह कोरोनावायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक मरीज मिलने के मामले में भारत हर दूसरे दिन नया विश्व रिकॉर्ड बना रहा है। इसे देखते हुए वह आशंका सच होती प्रतीत हो रही है जिसमें कहा गया था कि भारत में अक्टूबर – नवंबर में प्रतिदिन 2 लाख 67 हजार से अधिक कोरोनावायरस संक्रमित मिलेंगे।इसका अर्थ यह है कि जल्द ही संक्रमण के मामले में भारत करोड़ों की संख्या तक पहुंच सकता है, जो कि चिंतनीय है।

भारत में भले ही यह कहा जा रहा है कि मौत का आंकड़ा अपेक्षाकृत कम है लेकिन जिस रफ्तार से संक्रमण फैल रहा है जल्द ही भारत मौत के आंकड़े में भी ब्राजील जैसे देशों से आगे निकल सकता है। वैसे इस माह के अंत तक भारत संक्रमण में अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है। जहां पर प्रतिदिन 40 हजार के करीब संक्रमित मिल रहे हैं। जबकि भारत में अमेरिका से दोगुने से अधिक नए संक्रमित मिल रहे हैं। ब्राजील में प्रतिदिन 30,000 से ऊपर नए संक्रमित मिल रहे हैं। प्रतिदिन के संक्रमण के मामले में ब्राजील समूचे भारत से बहुत पीछे हो गया है। लेकिन महाराष्ट्र जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है उसे देखते हुए लग रहा है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र में प्रतिदिन मिलने वाले संक्रमित मरीजों की संख्या ब्राज़ील से अधिक होगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here