सूरत। सूरत शहर में रविवार को आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के दौरान सूरत पुलिस ने जनमित्र पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। परीक्षा देने जा रहे कई छात्रों को कॉल लेटर खो जाने, गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाने अथवा सही केंद्र की जानकारी नहीं होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। ऐसे में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छात्रों की मदद कर उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।
पाल पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थित भूलका विहार स्कूल में परीक्षा देने जा रहे एक छात्र का कॉल लेटर रास्ते में कहीं गिर गया था। सूचना मिलने पर पुलिस छात्र को थाने लेकर गई, उसके मोबाइल में उपलब्ध कॉल लेटर की प्रति का प्रिंट निकालकर दिया और सरकारी वाहन से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया। खडोदरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में भी छात्र द्वारा कॉल लेटर भूल जाने के कारण जानकारी मिलते ही कडोदरा पुलिस ने पुलिस स्टेशन में से छात्र को कॉल लेटर उपलब्ध कराकर सेंटर तक पहुंचा।
इसी प्रकार रांदेर क्षेत्र में एक छात्र गलती से गलत स्थान पर पहुंच गया था। पुलिस ने तत्काल पीसीआर वैन की व्यवस्था कर उसे उसके निर्धारित परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाया। वहीं लसकाणा क्षेत्र में एक छात्रा निर्धारित केंद्र के बजाय दूसरे परीक्षा केंद्र पहुंच गई थी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी वाहन की व्यवस्था की और लगभग 18 किलोमीटर की दूरी तय कर छात्रा को उसके सही परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाया।
परीक्षा के महत्व को देखते हुए सूरत पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा की गई इस संवेदनशील एवं मानवीय पहल के कारण कई छात्र समय पर परीक्षा में शामिल हो सके। पुलिस की इस सराहनीय कार्यशैली की छात्रों और अभिभावकों ने जमकर प्रशंसा की।



