सूरत। शहर में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। इसी अलथान इलाके में शिव रेजीडेंसी में हादसे के बाद वराछा इलाके में अंकर सोसायटी के पास निर्माण कार्य के दौरान एक बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही दो बड़े पेड़ उखड़ गए और सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट भी टूटकर गहरे गड्ढे में खड़ी JCB मशीन पर जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
वराछा की अंकर सोसायटी के समीप एक निर्माण साइट पर खुदाई का काम चल रहा था, जिसके चलते काफी गहरा गड्ढा बनाया गया था। इसी दौरान निर्माण स्थल की बाउंड्री वॉल अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। दीवार के साथ ही एक बड़ा पेड़ भी उखड़कर गड्ढे में खड़ी JCB मशीन पर गिर पड़ा। इसके अलावा सड़क किनारे लगा स्ट्रीट लाइट का खंभा भी धराशायी हो गया। बिजली की मीटर पेटियां और अन्य उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना इतनी तेज थी कि तेज आवाज और झटके से आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय निवासियों के अनुसार, दीवार गिरने के दौरान कुछ पल के लिए ऐसा महसूस हुआ मानो भूकंप आ गया हो। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
शहर में निर्माण कार्य के दौरान दीवार गिरने की यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि बिल्डरों द्वारा सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को चोट या जान का नुकसान नहीं हुआ।












