गांधीनगर,गुजरात भाजपा की महिला कार्यकर्ता के आम आदमी पार्टी (आप) नेता ईसुदान गढवी पर शराब के नशे में छेड़छाड़ करने के आरोप के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है| पुलिस अब ईसुदान गढ़वी का गांधीनगर के सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच करवाएगी और उसके बाद ही आगे की कार्यवाही करेगी| घटना है गुजरात प्रदेश भाजपा मुख्यालय कमल की| जहां पेपर लीक मामले को लेकर आप के प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया समेत पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे| जहां भाजपा और आप कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए| दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच घर्षण होने पर वहां मौजूद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा| पुलिस के लाठियां भांजते ही कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई| शेष बचे आप नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया|
जिसमें आप के प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया और ईसुदान गढ़वी समेत अन्य कई शामिल हैं| इस घटनाक्रम के बीच भाजपा की महिला नेता श्रद्धा राजपूत ने आप नेता ईसुदान गढवी पर नशे की हालत में होने का आरोप लगाया| इतना ही नहीं नशे की हालत में गढवी ने उनके साथ छेड़छाड़ भी की| श्रद्धा राजपुत की शिकायत मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने ईसुदान गढवी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए गांधीनगर सिविल अस्पताल रवाना कर दिया| दरअसल गत 12 दिसंबर को गुजरात गौण सेवा पसंदगी मंडल की ओर से हेड क्लर्क के पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा ली गई थी| लेकिन परीक्षा का पेपर लीक होने की मीडिया खबरें सामने आने और सरकार द्वारा इसे स्वीकार किए जाने के बाद इस मुद्दे पर राजनीति भी तेज हो गई| पहले कांग्रेस पेपर लीक मामले को लेकर सरकार ने घेरने लगी| अब आम आदमी पार्टी भी मैदान में उतर आई है| इसके अंतर्गत आज आप के नेता और कार्यकर्ता गुजरात प्रदेश भाजपा मुख्यालय विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गए| जहां भाजपा और आप कार्यकर्ताओं के बीच घर्षण से माहौल तनावपूर्ण हो गया| मामला बिगड़ता देख वहां मौजूद पुलिस की लाठियां चलने पर कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई| जिसमें कई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं|