Home गुजरात हवस का शिकार हुई सोलह वर्षीय किशोरी की गर्भपात के दौरान मौत

हवस का शिकार हुई सोलह वर्षीय किशोरी की गर्भपात के दौरान मौत

175
0

सूरत. करीब तीन माह पूर्व प्रेम प्रकरण में पड़ कर हवस का शिकार हुई सोलह वर्षीय किशोरी की अवैध रूप से गर्भपात के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किशोरी झारखंड की मूल निवासी थी। वह पाली गांव में अपने बहन-बहनोई के साथ रह रही थी। करीब तीन माह पूर्व किसी ने युवक ने बहला-फुसला कर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया। फिर उसके साथ बलात्कार किया।

इसके चलते वह गर्भवती हो गई, लेकिन उसने यह बात काफी समय तक छिपाए रखी। कुछ समय पूर्व उसके बहन-बहनोई को इस बारे में पता चला तो निकट के एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उन्हें उधना कैलाश नगर क्षेत्र के श्रीजी हॉस्पिटल भेजा, जहां बुधवार को उसका गर्भपात करवाया गया। गर्भपात के बाद उसे घर भेज दिया गया। घर पहुंचते ही पीड़ित किशोरी चक्कर खाकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

– बहन व बहनोई को भी किया नामजद :घटना की जानकारी मिलने पर सचिन जीआइडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी का गर्भपात करवाने और गर्भपात के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से मौत की पुष्टी हुई।

इस पर सचिन पुलिस ने बलात्कार के आरोपी युवक और गर्भपात करवाने वाले डॉक्टर हिरेन पटेल के साथ ही किशोरी की बहन व बहनोई को भी अतिगंभीर धाराओं में नामजद किया है। किशोरी की बहन व बहनोई को इस बात की जानकारी थी कि उसके साथ बलात्कार हुआ है। फिर भी दोनों ने इसकी शिकायत दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई करने के बदले मामले को छिपाने का प्रयास किया और अवैध रूप से गर्भपात करने की सहमति दी।

– डॉक्टर हिरेन पटेल गिरफ्तार : पुलिस ने बताया कि हिरेन पटेल होम्योपैथी डॉक्टर है। गायनेकोलॉजी उपचार की उसके पास कोई डिग्री नही है। हिरेन पटेल को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी फिर भी पुलिस को सूचना नहीं दी। उसे यह भी पता था कि गर्भपात के दौरान उसकी मौत भी हो सकती है। फिर भी उसने पीड़िता का गर्भपात किया। गर्भाशय से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण किशोरी की मौत हो गई। सचिन जीआइडीसी पुलिस ने हिरेन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।

– सीडीआर खंगाल रही पुलिस : मृतक किशोरी को किस युवक ने प्रेम जाल में फंसा कर हवस का शिकार बनाया था, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। मृतक किशोरी ने अपने बहन-बहनोई को भी युवक के बारे में कुछ नहीं बताया था। पुलिस को आशंका है कि युवक उसके घर के आस-पास का ही होगा। पुलिस किशोरी के मोबाइल फोन की सीडीआर के साथ साथ उसके सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही उसके संपर्क में रहने वालों से भी पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here