बनासकांठा,वैश्यावृत्ति के लिए देशभर में कुख्यात वाडिया गांव में बीते दिन दो गुटों के बीच हुए टकराव में 7 लोग घायल हो गए| घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने 11 महिलाओं समेत 49 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारियां शुरू कर दी है| वाडिया गांव बनासकांठा जिले की थराद तहसील में है, जहां हर घर में देहव्यापार होता है|
जहां दूर दूर से ग्राहक शारीरिक सुख के लिए आते हैं| रात्रि के दौरान आने वाले ग्राहकों को ब्लैकमेल और उनके साथ मारपीट कर लूटने की शिकायतें थराद पुलिस थाने में दर्ज हो चुकी हैं| ऐसी घटनाएं बढ़ती देख वाडिया गांव में पुलिस चौकी शुरू की गई थी| लेकिन जब वाडिया गांव के लोगों ने लूट और मारपीट जैसी घटनाएं नहीं होने का आश्वासन दिया तो पुलिस चौकी हटा ली गई| उसी वाडिया गांव में 26 फरवरी को एक ही समाज के दो गुटों के बीच जबर्दस्त घर्षण हुआ| दोनों पक्षों के लाठियां, पाइप समेत जमकर पथराव हुआ| इस घटना में 7 लोग घायल हो गए| खबर मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार 11 महिलाओं समेत 49 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया| साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारियां भी शुरू कर दीं|