बेगूसराय (ईएमएस)। अपने अवैध संबंध की भनक लगने पर एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को हत्या कर डाली। मामला बिहार के बेगूसराय का है, जहां इस वारदात को अंजाम देने के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने की पूरी कोशिश की गई। परंतु जांच में जो भी सामने आया, उसने पुलिस को भी सकते में डाल दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। घटना जिले के बखरी थाना क्षेत्र के कामा स्थान की है। सोमवार को बखरी के कामा स्थान में खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के सिमराहा निवासी विकास कुमार का शव पेड़ से लटकता हुआ बरामद किया गया था।शुरुआत में तो लोगों ने इसे पारिवारिक विवाद में खुदकुशी की बात बताई, लेकिन पुलिस की छानबीन के बाद जो पता चला उसने सभी को चौंका दिया। पुलिस ने बताया कि विकास कुमार की पत्नी विनीता कुमारी का किसी अन्य लड़के से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और इसकी जानकारी विकास कुमार को लग चुकी थी। इसी वजह से विनीता कुमारी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति विकास कुमार की पहले हत्या कर दी और फिर उसके शव को पेड़ से लटका दिया। फिलहाल पुलिस ने विनीता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की छानबीन में जुट गई है। वहीं विनीता कुमारी ने इस हत्या मामले में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उस पर जबरन आरोप लगाया गया है और मुझे फंसाने की कोशिश की जा रही है। विनीता कुमारी के अनुसार रविवार को उसके पति ने 500 रुपये निकाले थे, जिसे को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच कहासुनी भी हुई थी और इसी वजह से विकास कुमार ने गले में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।