Home क्राइम प्रेमी और बेटी के साथ मिलकर मां ने की पति की हत्या,...

प्रेमी और बेटी के साथ मिलकर मां ने की पति की हत्या, घर में दफनाया शव

201
0
Listen to this article

भागलपुर (ईएमएस)। बिहार के भागलपुर के सन्हौला थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में एक महिला द्वारा अपने पति की हत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार महिला सरिता देवी ने अपने प्रेमी और बेटी संग मिलकर अपने पति केलू दास (35) की हत्या कर शव को घर के बरामदे में गाड़ दिया। वारदात का खुलासा सोमवार को तब हुआ जब शव से आ रही दुर्गंध की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी और नाबालिग बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि, महिला का पति बीते शुक्रवार से ही लापता था। खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद सोमवार को महिला सन्हौला थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने पहुंची। इसी दौरान आसपास के लोगों को उसके घर से दुर्गंध आने लगी, जिसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से मिट्टी खोद कर शव को निकाला। इतना ही नहीं घर में कई जगह खून के धब्बे भी मिले है। मृतक के बड़े बेटे ने बताया कि उसकी मेरी बड़ी मां की बेटी ने अचानक उन्हें फोन कर बताया कि उनके पिताजी कई दिनों से लापता हैं। जिसके बाद इसी सूचना पर वह घर आये। गौरतलब है कि मृतक सन्हौला-घोघा मुख्य पथ में परिवार के साथ होटल व दुकान चलाता था। उसके दो पुत्र और एक पुत्री है। होटल चलाने के दौरान उसकी पत्नी से कुछ लोगों की घनिष्ठता हो गई थी। कई युवकों का होटल व घर आना-जाना लगा रहता था और उसके पति को इस बात का आभास हो चुका था, इसलिए पति इसका विरोध करता था। इस वजह से पति-पत्नी में हमेशा विवाद होते रहता था और इसलिये पति को रास्ते से हटाने के लिए महिला ने प्रेमी और बेटी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।पुलिस ने बताया कि सरिता देवी ने अपना जुर्म कबूल लिया है। महिला ने बताया कि उसके पति ने एक दिन उसे दिनेश यादव के साथ देखा था। जिसके बाद बीते शुक्रवार की रात उसने पति का बांह जोर से दबाया और दिनेश ने धारदार हथियार से गला रेत दिया था। फिर दिनेश ने कुदाल से घर में गड्ढा कर शव को गाड़ दिया। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कहलगांव के एसडीपीओ मनोज कुमार सुधांशु ने बताया कि सन्हौला के एक गांव में हुई हत्या में मृतक की बेटी और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, प्रेमी की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here