बदायूं(एजेंसी))। बदायूं के कोतवाली दातागंज क्षेत्र में एक महिला ने पारिवरिक कलह के कारण अपने एक साल के बेटे की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने सोमवार को बताया कि दातागंज कस्बे के विद्युत उपकेंद्र के निकट रहने वाले सरताज का निकाह दो साल पहले ही फातिमा के साथ हुआ था।
उनका 14 माह का एक बच्चा भी था। फातिमा के पिता अबरार और भाई नफीस ने पुलिस को बताया कि दहेज की मांग को लेकर सरताज और उसके परिजन अक्सर फातिमा के साथ मारपीट करते थे। रविवार को भी सरताज ने उसके साथ मारपीट की और दहेज में कार लेकर आने को कहा।
ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग होकर फातिमा ने रविवार देर रात पहले अपने मासूम बेटे को फंदा लगा कर लटका दिया फिर कुंडे पर फंदा लगाकर खुद भी आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि परिवार वालों को जब इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। मोहल्ले के काफी लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सरताज को हिरासत में ले लिया गया। जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।