Home कोरोना भारत में संक्रमित की संख्या 48 लाख के पार,महाराष्ट्र में रूस को...

भारत में संक्रमित की संख्या 48 लाख के पार,महाराष्ट्र में रूस को पीछे छोड़ा

189
0
भारत में संक्रमित की संख्या 48 लाख के पार,महाराष्ट्र में रूस को पीछे छोड़ा
Listen to this article

नई दिल्ली(एजेंसी)। कोरोना संक्रमण के मामले में अब अमेरिका, भारत और ब्राजील के बाद महाराष्ट्र चौथे नंबर पर पहुंच गया है। उसके बाद रूस का नंबर है। महाराष्ट्र में रविवार को 22,543 नए संक्रमित मिलने के साथ ही पीड़ितों की संख्या बढ़कर 10,60,308 हो गई। जबकि रूस में कोरोनावायरस पीड़ितों की संख्या 10,53,663 है।महाराष्ट्र और रूस की तुलना करें तो रूस में इस बीमारी से 18,426 लोगों की मौत हुई है जबकि महाराष्ट्र में 29,531 लोगों की मौत हो चुकी है।

रूस में 1,64,237 सक्रिय मरीज हैं जबकि महाराष्ट्र में 2,90,344 सक्रिय मरीज हैं। हर पैमाने पर महाराष्ट्र रूस से आगे पहुंच गया है।जहां तक भारत की बात है भारत में रविवार को 84,164 नए संक्रमित मरीज रात 10 बजे तक मिल चुके थे, जो देर रात तक संख्या बढ़ने की संभावना है। देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 79,690 पहुंच गई है। जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या 9,90,046 है। जो देश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी चुनौती है। क्योंकि देश में वेंटिलेटर की संख्या बहुत कम है और आईसीयू में बेड भी बहुत कम उपलब्ध हैं।

इस गति से सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ने का कारण भारत में अनलॉक की प्रक्रिया में तेजी है। लगभग सभी राज्यों ने अनेक सुविधाओं को फिर से खोल दिया है और आवागमन भी जारी है। ऐसे हालात में कोरोनावायरस का फैलना तय है। अक्टूबर में स्थिति बहुत भयानक हो सकती है। भारत में प्रतिदिन 1000 से ऊपर मौतें हो रही हैं जो कि दुनिया में अब सर्वाधिक हैं। कोरोना के जनक चीन के मुकाबले भारत में 48 गुना ज्यादा कोरोनावायरस संक्रमित मरीज हैं और मौतों की संख्या भी लगभग 20 गुना ज्यादा है।

भारत का स्वास्थ्य मंत्रालय लगातार यह दावा कर रहा है कि कोरोनावायरस बेकाबू नहीं है, लेकिन सच तो यह है कि अब देश की स्वास्थ्य सेवाओं के समक्ष कोरोना चुनौती बनकर खड़ा हो गया है। बहुत से राज्यों में लगातार बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैं।

रविवार को भी

  1. आंध्र प्रदेश में 9536,
  2. तमिलनाडु में 5693,
  3. कर्नाटक में 9894,
  4. उत्तरप्रदेश में 6205,
  5. दिल्ली में 4235,
  6. पश्चिम बंगाल में 3215,
  7. केरल में 3139 नए संक्रमित मरीज मिले।

यह वे राज्य हैं जहां संक्रमित मरीजों की संख्या 3000 से ऊपर आ रही है लेकिन ऐसे राज्यों की संख्या भी अच्छी खासी है जहां पर प्रतिदिन 1000 से ऊपर नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं।दुनिया भर में संक्रमण के मामले में भारत के राज्यों के आंकड़े कई देशों के मुकाबले ज्यादा चिंतनीय और विशाल हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन का कहना है कि जब कोरोनावायरस का वैक्सीन लांच होगा तो वह सबसे पहले उसे लगवाएंगे, लेकिन सवाल यह है कि यह टीका मार्केट में कब आएगा और आम आदमी तक पहुंचेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य 2021 तक इस टीके के आम आदमी तक पहुंचने की कोई संभावना नहीं है। ऐसी स्थिति में उस समय तक इस देश की विशाल जनसंख्या को इस महामारी से कैसे बचाया जाएगा, यह अब यक्ष प्रश्न बन चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here