अहमदाबाद,शहर के सिविल अस्पताल में मृतक महिला के शव से आभूषण चुराने वाले शख्स को शाहीबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है| पकड़ा गया शख्स सिविल अस्पताल में बतौर वॉर्ड बॉय मृतकों के शवों को प्लास्टिक किट पैक करने का काम करता है| दरअसल अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में 1200 बैड के कोविड अस्पताल में मोहिनीबेन नामक महिला की मौत हो गई थी| कोरोना संक्रमित मरीज मोहिनी के हाथों में 4 तोले की सोने की दो चूड़ियां थीं| मोहिनी की मौत के बाद उसकी सोने की चूड़ियां चोरी चली गई थीं| इस मामले की शिकायत मिलने के बाद शाहीबाग पुलिस ने मामले की जांच कर सिविल अस्पताल में वॉर्ड बॉय के रूप में काम करनेवाले साहिल उर्फ भूरियो मकवाणा नामक शख्स को गिरफ्तार कर लिया| साहिल उर्फ भूरियो कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत के बाद उनके शवों को प्लास्टिक किट में पैक करने का काम करता है| साहिल ने कबूल किया है कि वह अब तक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है| मृतदेह से आभूषण चोरी किए जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है| इससे पहले भी ऐसे मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है| पकड़े आरोपी शवों को सैनिटाइज करने का काम करते थे|