जगदीश विश्वकर्मा ने सूरत से अनाज, कंबल, तिरपाल, भोजन और स्टूडेंट किट को किया रवाना
दक्षिण गुजरात में हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। घरों में पानी घुस जाने से लोगों के घरेलू सामान और कीमती वस्तुओं को भारी नुकसान हुआ है। इस कठिन परिस्थिति में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बड़े स्तर पर राहत कार्य शुरू किया है। गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने सूरत के उधना स्थित पार्टी कार्यालय से अनाज और अन्य आवश्यक राहत सामग्री से भरे वाहनों को वलसाड और नवसारी जिलों के लिए रवाना किया। भाजपा ने कल देर रात ही चार वाहन राहत सामग्री के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेज दिए थे, जबकि आज तीन और वाहन रवाना किए गए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रशांत कोराटे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा दक्षिण गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने उमरगाम, पारडी, वापी, वलसाड और नवसारी जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।












