छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में तैनात एक ट्रेनी IPS अधिकारी राहुल बंसल पर ठगी के एक मामले की जांच के दौरान 1 करोड़ रुपए हवाला के जरिए रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है. हरियाणा के रहने वाले एक शिकायतकर्ता ने इस मामले में CBI की स्पेशल कोर्ट में इसकी शिकायत भी की है. जिसके बाद कोर्ट ने मामले में नोटिस भी जारी किया है. शिकायतकर्ता ने कहा कि रिश्वत की रकम हवाला के जरिए पहुंचाई गई और इसमें अंबिकापुर साइबर सेल के एक आरक्षक की भूमिका भी संदिग्ध है. मामले में CBI स्पेशल कोर्ट ने CBI, ट्रेनी IPS राहुल बंसल, ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा को नोटिस जारी किया है. वहीं, कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के DGP से भी रिपोर्ट मांगी है.

कोर्ट में दायर परिवाद परिवाद के अनुसार हरियाणा निवासी आकाश कुमार के खिलाफ अंबिकापुर में दर्ज एक कथित साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान उनसे एक करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी गई थी. शिकायतकर्ता का आरोप है कि रिश्वत की रकम हवाला के जरिए पहुंचाई गई. सूत्रों की माने तो ये पूरा मामला अंबिकापुर साइबर थाना क्षेत्र में दर्ज एक कथित ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग धोखाधड़ी केस से जुड़ा है. इस मामले को ही शार्ट आउट करने के लिए रकम की लेनदेन के आरोप है.












