गला दबाया, सिर पर वार से मौत; बाहर से ताला लगाकर हत्यारा फरार
सूरत के नानपुरा इलाके में एक 84 वर्षीय वृद्धा की उनके ही फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी गई। T&TV हाईस्कूल के सामने स्थित मोनालिसा अपार्टमेंट में रहने वाली आमेनाबेन की खून से लथपथ लाश फ्लैट के अंदर मिली। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी फ्लैट के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। आमेनाबेन पति और इकलौते बेटे की मौत के बाद लंबे समय से अकेली रह रही थीं। सोमवार को वह बहन के साथ मुंबई जाने की तैयारी में कपड़े पैक करने फ्लैट पर गई थीं, लेकिन फिर वापस नहीं लौटीं। मोबाइल बंद मिलने पर बहन फ्लैट पर पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस को आशंका है कि वारदात को किसी परिचित व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है। हत्या के बाद मृतका का मोबाइल भी गायब मिला है। अठवालाइंस पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
आमेनाबेन पिछले करीब डेढ़ महीने से पास ही विध्नेश्वर एस्टेट में रहने वाली अपनी छोटी बहन दुररिया सिराज मोतीवाला (71) के घर रह रही थीं। वह रोज सुबह अपने फ्लैट पर जातीं और दोपहर में वापस लौट आती थीं। दोनों बहनों को मुंबई जाना था। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे आमेनाबेन सामान और कपड़े पैक करने अपने फ्लैट पर गई थीं। दोपहर करीब 2:40 बजे बहन से उनकी आखिरी बातचीत हुई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद था। अनहोनी की आशंका में बहन फ्लैट पर पहुंचीं। दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था। डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया तो अंदर आमेनाबेन का खून से लथपथ शव पड़ा था।
शव मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। अठवालाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि आमेनाबेन की मौत गला दबाने और सिर पर किसी वस्तु से गंभीर वार किए जाने से हुई। हमले के दौरान उनकी छाती की पसली भी टूट गई थी। घटना के तरीके ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वृद्धा के फ्लैट में कौन आया था? हत्या के बाद बाहर से ताला किसने लगाया? और मृतका का मोबाइल कहां गया—पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है।
हत्या के बाद आरोपी द्वारा फ्लैट को बाहर से लॉक कर फरार होने की बात सामने आई है। साथ ही मृतका का मोबाइल फोन भी नहीं मिला है। इसी वजह से पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपी मृतका का परिचित था या नहीं। हालांकि, यह अभी पुलिस जांच का विषय है और आरोपी की पहचान तथा हत्या का मकसद स्पष्ट होना बाकी है। बिल्डिंग में CCTV कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस ने अब आसपास की दुकानों, इमारतों और रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पति और इकलौते बेटे को खो चुकी थीं, अकेलेपन में हुई दर्दनाक मौत
आमेनाबेन का जीवन पहले ही कई गहरे सदमों से गुजर चुका था। उनके पति अब्देअली की करीब 40 वर्ष पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2017 में उनके इकलौते और अविवाहित बेटे शब्बीर की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। पति और बेटे की मौत के बाद आमेनाबेन अकेली रह गई थीं। वृद्धावस्था में अकेले जीवन गुजार रही महिला की उनके ही घर में इस तरह हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
सिक्योरिटी गार्ड से कामवाली तक, पुलिस कर रही पूछताछ
अठवा थाने के PI पी.एच. भाटी ने बताया कि बिल्डिंग में CCTV नहीं है, इसलिए आसपास लगे कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई है। पुलिस बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड, घर पर आने वाली कामवाली और आसपास रहने वाले लोगों समेत उन सभी व्यक्तियों के बयान दर्ज कर रही है, जिनका मृतका से किसी भी तरह का संपर्क रहा हो सकता है।












