सूरत: सूरत के सचिन क्षेत्र में होमगार्ड और पुलिस की तत्परता से एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके माता-पिता से मिलाया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस तथा होमगार्ड का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, सचिन के कनकपुर चौकी क्षेत्र से एक छोटी बच्ची लापता हो गई थी। इसी दौरान सुभाष चौक के पास सार्वजनिक मार्ग पर एक महिला को बच्ची रोती हुई अवस्था में मिली। महिला ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही सचिन होमगार्ड यूनिट में तैनात प्लाटून कमांडर प्रकाशभाई मौर्य मौके पर पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। बच्ची को साथ लेकर आसपास की सोसायटियों और इलाकों में पूछताछ की गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में उसके माता-पिता का कोई पता नहीं चल सका।
लगातार खोजबीन के बाद कुछ समय में बच्ची के माता-पिता का पता चल गया। पूछताछ में बच्ची की पहचान 3 वर्षीय लाडो राजकुमार पाल के रूप में हुई, जो कनकपुर स्थित भारतरत्न सोसायटी में अपने परिवार के साथ रहती है। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है।
आवश्यक सत्यापन और पहचान प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्लाटून कमांडर प्रकाशभाई मौर्य ने बच्ची को कनकपुर चौकी पर उसके माता-पिता को सुरक्षित सौंप दिया।सचिन पुलिस स्टेशन के पीआई पी.एन. वाघेला के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस और होमगार्ड टीम का धन्यवाद किया।












