मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित अनेक मंत्री व गणमान्य रहेंगे उपस्थित
महेशभाई सवाणी अब तक 5539 बेटियों के पालक पिता बने, विवाह के साथ आजीवन जिम्मेदारी का निर्वहन
इस वर्ष 4 राज्यों व 17 जिलों की 37 जातियों की 133 बेटियां जाएंगी ससुराल
सूरत | बुधवारसूरत के पी.पी. सवाणी परिवार द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पिताविहीन बेटियों के लिए भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 20 व 21 दिसंबर को पी.पी. सवाणी चैतन्य विद्यासंकुल, अब्रामा में ‘कोयलड़ी’ थीम पर 133 पिताविहीन बेटियों का सामूहिक विवाह संपन्न होगा।
इस आयोजन में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील, मनसुख मंडाविया सहित राज्य सरकार के मंत्री, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
पिछले 18 वर्षों से पिताविहीन बेटियों के लिए पिता की भूमिका निभा रहे महेशभाई सवाणी अब तक 5539 बेटियों के पालक पिता बन चुके हैं। वे न केवल विवाह बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक जिम्मेदारी भी निभाते हैं। 20 दिसंबर को पहले दिन श्रेष्ठ सासुओं के हाथों दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ होगा, जबकि 21 दिसंबर को अंगदान के लिए सहमति देने वाले परिवारों की माताओं, बहनों और पत्नियों द्वारा दीप प्रज्वलन किया जाएगा। सभी धर्मों और जातियों की बेटियों का एक ही मंडप में कन्यादान किया जाएगा।
इस वर्ष विवाह में मुस्लिम, ईसाई, दिव्यांग सहित 37 जातियों की 4 राज्यों और 17 जिलों की बेटियां शामिल होंगी। मुस्लिम बेटियों का निकाह, जबकि हिंदू व ईसाई बेटियों का विवाह उनके-अपने रीति-रिवाजों से संपन्न होगा।












