Home News शादी का झांसा, फिर समझौते के बाद भी ब्लैकमेल! SRP जवान पर...

शादी का झांसा, फिर समझौते के बाद भी ब्लैकमेल! SRP जवान पर सूरत की नर्स से दुष्कर्म का आरोप

18
0
Listen to this article

पुराने निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर गेस्टहाउस ले जाने का आरोप; अस्पताल में हंगामा और जान से मारने की धमकी देने का भी दावा, कपोद्रा पुलिस ने दर्ज किया केस

तीन साल के रिश्ते के बाद समाज की मौजूदगी में हुआ था समझौता; 8 लाख के दंड और फोटो-वीडियो डिलीट करने की शर्त के बावजूद फिर संपर्क करने का आरोप

6 साल पहले हुई थी मुलाकात

सूरत शहर को शर्मसार करने वाली एक और घटना सामने आई है। कपोद्रा इलाके की एक निजी अस्पताल में काम करने वाली 30 वर्षीय नर्स ने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के बाद आपसी समझौता हो जाने के बावजूद SRP जवान ने पुराने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे गेस्टहाउस ले जाकर उसकी मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया।

पूरे मामले में कपोद्रा पुलिस ने आरोपी SRP जवान विज्ञेश रावजीभाई वसावा के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा तालुका के अलमावाड़ी गांव का रहने वाला और स्टेट रिजर्व पुलिस (SRP) में कार्यरत विज्ञेश रावजीभाई वसावा का कपोद्रा की निजी अस्पताल में नौकरी करने वाली 30 वर्षीय युवती से संपर्क हुआ था। दोनों के बीच करीब तीन साल तक प्रेम संबंध रहा। हालांकि बाद में रिश्ते में खटास आने के बाद दोनों परिवारों और समाज के लोगों की मौजूदगी में लिखित समझौता कर दोनों अलग हो गए थे।

समाज के सामने हुए समझौते में तय किया गया था कि विज्ञेश वसावा और युवती अपने मोबाइल फोन से एक-दूसरे के सभी निजी मैसेज, फोटो और वीडियो पूरी तरह डिलीट कर देंगे। इस समझौते के दौरान समाज ने विज्ञेश वसावा पर 8 लाख रुपये का दंड भी लगाया था। इसमें से उसने कथित तौर पर 5.30 लाख रुपये युवती को दिए थे और भविष्य में उससे किसी तरह का संबंध नहीं रखने का आश्वासन दिया था।

समझौते के बाद भी आरोपी की कथित तौर पर नीयत बदल गई। बीती 1 मई को सूरत में बंदोबस्त की ड्यूटी पर आए विज्ञेश वसावा ने अस्पताल में रह रही नर्स से संपर्क किया। आरोप है कि उसने युवती से कहा कि यदि वह उसके साथ नहीं आएगी तो वह अस्पताल में आकर हंगामा करेगा और उसे जान से मार देगा। बदनामी के डर से युवती उसके साथ जाने के लिए मजबूर हो गई।

लालदरवाजा के गेस्टहाउस में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप

आरोपी जवान युवती को लालदरवाजा इलाके में स्थित आवकार गेस्टहाउस ले गया। वहां उसने पुराने रिश्ते के दौरान बनाए गए निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।इसके बाद आरोपी ने युवती की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर कपोद्रा पुलिस थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर SRP जवान विज्ञेश वसावा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here