अहमदाबाद,शहर के पूर्वी क्षेत्र रामोल में नाबालिग लड़की को धमकी देकर उसके साथ 3-4 बार दुष्कर्म किया गया| लड़की के गर्भवती होने पर दुष्कर्मी के पाप का भांडा फूटा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया है| साथ ही आरोपी का डीएनए सैम्पल लेकर आगे की कार्यवाही शुरू की है| जानकारी के मुताबिक पूर्वी अहमदाबाद के रामोल क्षेत्र में 52 वर्षीय चंदू बारिया का खेत है जिसमें एक श्रमिक परिवार मजदूरी करता था| श्रमिक परिवार की 17 वर्षीय लड़की को देख चंदू बारिया की नीयत खराब हो गई| एक दिन खेत में पानी लगाने के बहाने चंदू बारिया नाबालिग लड़की को लेकर खेत में ले गया| जहां उसके साथ दुष्कर्म किया| दुष्कर्म के बाद चंदू बारिया ने लड़की को उसके मानसिक रूप से बीमार भाई को जान से मार देने और माता-पिता को खेत में मजदूरी नहीं देने की धमकी दी| जिसके बाद धमकी देकर खेती में मजदूरी के बहाने चंदू बारिया लड़की को अलगअलग जगहों पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया| चंदू बारिया के पाप का भांडा तब फूट गया जब लड़की गर्भवती हो गई| पेट दर्द की शिकायत के बाद लड़की की माता उसे अस्पताल ले गई| अस्पताल में चेकअप के दौरान लड़की 4 महीने की गर्भवती होने का खुलासा हुआ| माता ने जब बेटी से पूछताछ की तो उसने चंदू बारिया का नाम बता दिया| मामला रामोल पुलिस थाने पहुंच गया और चंदू बारिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया| गर्भवती लड़की को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है| साथ ही आरोपी चंदू बारिया का डीएनए सैंपल जांच के लिए भेज आगे की कार्यवाही शुरू कर दी|