दो अलग-अलग हाफ एनकाउंटर में दोनों आरोपी गिरफ्तार, पहले आरोपी ने पुलिसकर्मी पर चाकू से किया था हमला, दूसरे ने PSI की रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की
सूरत। सूरत शहर में 19 नवंबर की सुबह महज 45 मिनट के भीतर वराछा, महिधरपुरा और कतारगाम थाना क्षेत्रों में लूट और चाकूबाजी की पांच वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को सूरत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग पुलिस फायरिंग की घटनाओं में गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने आत्मरक्षा में आरोपियों के पैरों पर गोली चलाई। पहली घटना में लिंबायत पुलिस पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी परवेज अंसारी को पकड़ा गया, जबकि दूसरी घटना में क्राइम ब्रांच की हिरासत से भागने और PSI की रिवॉल्वर छीनने का प्रयास करने वाले लक्ष्मण कुमार उर्फ गुड्डू यादव को गोली मारकर काबू किया गया।
पहली मुठभेड़: पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला, परवेज के पैर में मारी गोली
लिंबायत पुलिस की टीम रात करीब 3 बजे इंस्पेक्टर डी.डी. चौहान के नेतृत्व में नाइट पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान नीलगिरी ग्राउंड के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मी अनिल कुमार अमरसिंह ने उसका पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। तभी आरोपी ने कमर में छिपाया हुआ चाकू निकालकर पुलिसकर्मी के पेट/कमर के हिस्से में हमला कर दिया।
स्थिति गंभीर होते देख PI डी.डी. चौहान ने आरोपी को चाकू फेंकने की चेतावनी दी और पहले हवा में एक राउंड फायर किया। इसके बावजूद आरोपी चाकू लेकर पुलिस अधिकारी पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा। ऐसे में पुलिस ने आत्मरक्षा में उसके बाएं पैर पर गोली चला दी। घायल आरोपी को पकड़कर नई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि घायल पुलिसकर्मी अनिल कुमार का उपचार लिंबायत स्थित अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपी की पहचान मूल रूप से झारखंड निवासी और वर्तमान में लिंबायत के ममता टॉकीज के पास रहने वाले परवेज मुशर्रफ अंसारी के रूप में हुई।
दूसरी मुठभेड़: PSI की रिवॉल्वर छीनने की कोशिश, लक्ष्मण के पैर में लगी गोली
पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके साथी लक्ष्मण कुमार उर्फ गुड्डू यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को मेडिकल जांच के लिए नई सिविल अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान स्वामीनारायण मंदिर के आसपास पुलिस वाहन के अगले टायर में हवा कम होने के कारण गाड़ी रोकनी पड़ी।
ड्राइवर और दो पुलिसकर्मी टायर की जांच के लिए नीचे उतरे, जबकि PSI और आरोपी गाड़ी में बैठे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी को हथकड़ी नहीं लगाई गई थी। इसी मौके का फायदा उठाकर उसने बगल में बैठे PSI की रिवॉल्वर छीनने और उन पर हमला करने का प्रयास किया। आरोपी के भागने और पुलिस पर हमला करने की कोशिश के दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें उसके दाहिने पैर के निचले हिस्से में गोली लगी।
घायल आरोपी को उपचार के लिए नई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्राइम ब्रांच के DCP भावेश रोजिया ने बताया कि आरोपी को मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय यह घटना हुई। वहीं सिविल अस्पताल के CMO मुकेश बलदाणिया के अनुसार, गोली लगने से घायल लक्ष्मण उर्फ गुड्डू दिलीप उर्फ इंद्र यादव को अस्पताल लाया गया है। फिलहाल पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। विस्तृत जानकारी मेडिकल रिपोर्ट के बाद सामने आएगी।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने वराछा, कतारगाम और महिधरपुरा क्षेत्रों में राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की वारदातें की थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए छह मोबाइल फोन सहित करीब 66 हजार रुपये का माल बरामद किया है।













