सुबह 5 बजे रोड नंबर 13 पर हुआ हादसा, फायर विभाग की ओर से पहले ही जारी किया गया था नोटिस; मकान और दुकानें खाली करने के दिए गए थे निर्देश।
सूरत शहर में जर्जर और खतरनाक इमारतों को लेकर प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद लोग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इसी बीच उधना इलाके में एक और जर्जर इमारत की बालकनी अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि हादसा सुबह के समय हुआ, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, उधना के रोड नंबर 13 पर स्थित दो मंजिला पुरानी और जर्जर इमारत की गैलरी सुबह करीब 5 बजे अचानक टूटकर नीचे गिर गई। हादसे के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही बेहद कम थी। इसी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सूरत महानगरपालिका के फायर विभाग की ओर से इस इमारत को पहले ही खतरनाक और जर्जर घोषित कर नोटिस जारी किया गया था। इमारत में रहने वाले लोगों और दुकानदारों को मकान तथा दुकानें तत्काल खाली करने की सख्त हिदायत भी दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते इमारत खाली नहीं कराए जाने और लोगों के वहां रहने के कारण सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया गया था, तो इमारत को पूरी तरह खाली कराने के लिए क्या कदम उठाए गए थे? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा?
फिलहाल इस घटना ने शहर की जर्जर इमारतों की सुरक्षा और महानगरपालिका की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।












