बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के 27 हजार परिवारों को कैश डोल का भुगतान, 21 लोगों की मौत की पुष्टि
नवसारी जिले में भीषण बाढ़ से हुई तबाही के बाद प्रशासन ने राहत और पुनर्वास कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिए हैं। जिला कलेक्टर मनीष गुरवाणे ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों से बाढ़ के दौरान तथा वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और नागरिकों की शिकायतें एवं समस्याएं भी सुनीं। जिले में राहत और पुनर्वास का कार्य पूरी गति से जारी है। अब तक 27 हजार परिवारों को कैश डोल का भुगतान किया जा चुका है। वहीं, बाढ़ से 21 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। जिला कलेक्टर ने प्राथमिक चरण में सफाई और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की महामारी या संक्रामक बीमारी फैलने से रोकने के लिए सभी ग्राम पंचायतों को अपने स्वयं के फंड या अन्य अनुदान से अतिरिक्त मशीनरी किराए पर लेकर भी सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। पूरे जिले में 350 से अधिक टीमें निगरानी (सर्विलांस) और पेयजल के क्लोरीनीकरण का कार्य कर रही हैं, ताकि जलजनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।












